भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सुशील मौर्य का सवाल, NH-30 की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने किया चक्काजाम

कामानार नाका पर प्रदर्शन, सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग; रेखचंद जैन बोले—जनता की मूलभूत सुविधाओं पर सरकार गंभीरता से उठाए कदम

जगदलपुर (नानगुर)। क्षेत्र की जर्जर सड़कों और NH-30 की बदहाल स्थिति को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा द्वारा कामानार नाका के समीप विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व, पूर्व विधायक रेखचंद जैन की उपस्थिति और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा अध्यक्ष महादेव नाग की अगुवाई में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत और आम जनता को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NH-30 बस्तर के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन इसकी मौजूदा स्थिति के कारण ग्रामीणों, वाहन चालकों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से सड़क की स्थिति में जल्द सुधार करने की मांग की।

विकास के दावों पर सुशील मौर्य ने साधा निशाना

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे और विज्ञापन कर रही है, लेकिन सड़कों की जमीनी स्थिति उन दावों से अलग तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने कहा कि NH-30 की बदहाली इसका उदाहरण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जर्जर सड़क के कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, वहीं सूखे के दौरान उड़ने वाली धूल से भी लोगों को परेशानी होती है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा कई स्थानों पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित होता है।

इसे भी पढ़िए -   पारस पोर्टल से होगी योजनाओं की नियमित समीक्षा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

सुशील मौर्य ने कहा कि एक ओर केंद्र और राज्य की सरकारें बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की बात करती हैं, वहीं दूसरी ओर बस्तर को प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने विधायक विनायक गोयल, मंत्री केदार कश्यप और सांसद से भी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल करने की मांग की।

रेखचंद जैन बोले—जनता की समस्या का तत्काल समाधान हो

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि NH-30 बस्तर के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को असुविधा के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी और प्रचार से आगे बढ़कर सड़क की वास्तविक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।

दरभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान : महादेव नाग

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा अध्यक्ष महादेव नाग ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान है। खराब सड़क के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों सहित आम लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से NH-30 की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन को आगे और तेज करेगी।

इसे भी पढ़िए -   इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल को पूर्व विधायक रेखचंद जैन का समर्थन, मुख्यमंत्री को पत्र लिख स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग

चक्काजाम एवं विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष नीलुराम बघेल, महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान, अनुराग महतो, ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल, तुलाराम कश्यप, धरमूराम, बलिराम, जयदेव नाग, मानसिंह ठाकुर, मनीष बघेल, मुन्नालाल कश्यप, सरपंच सुरेश कश्यप, सहदेव नाग, राजेश दास, मानु, जशकेतन जोशी, सोनारू नाग, राजेंद्र त्रिपाठी, प्रदीप सेठिया, जलन्धर सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *