बाढ़ के बीच महापौर संजय पांडे ने संभाला मोर्चा, इंद्रावती से गोरिया बहार तक सजेगा हरियाली का गलियारा

महादेव घाट, डोंगा घाट और पुराने पुल का किया निरीक्षण, राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए जाएंगे करीब ढाई हजार पौधे

जगदलपुर। लगातार हुई भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में बनी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए महापौर संजय पांडे ने बुधवार को विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने महादेव घाट, डोंगा घाट, पुराने पुल, गोरिया बहार सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए जलस्तर, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

महापौर ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल पानी की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और नदी के जलस्तर को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए।

महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से भी अपील की कि बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से जलभराव एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

इंद्रावती से गोरिया बहार तक दिखेगी हरियाली

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के साथ महापौर ने शहर के सौंदर्यीकरण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में चल रही तैयारियों का भी जायजा लिया। इंद्रावती नदी से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर एवं डिवाइडर के आसपास करीब ढाई हजार पौधे लगाए जाने की तैयारी है।

पौधरोपण अभियान से पहले महापौर ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पौधरोपण के लिए आवश्यक तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए पौधों की सुरक्षा एवं बेहतर रखरखाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसे भी पढ़िए -   कलेक्टर ने सेवानिवृत्त कर्मियों को किया सम्मानित,समाज और प्रशासन को अब भी आपके अनुभव की दरकार-कलेक्टर श्री आकाश छिकारा

इस क्षेत्र में मुख्य रूप से कनेर एवं टिकोमा के पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण के बाद इंद्रावती से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग का क्षेत्र हरियाली से आच्छादित होगा, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

महापौर के निरीक्षण में एक ओर जहां बारिश के बाद उत्पन्न परिस्थितियों, जलस्तर और नागरिक सुरक्षा को लेकर नगर निगम की सक्रियता दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में निगम की तैयारियां भी नजर आईं।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंग देवांगन, MIC सदस्य निर्मल पाणिग्राही, संग्राम सिंह राणा एवं विधुशेखर झा सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *