प्रशासनिक प्रक्रियाओं का सरलीकरण और सुगम सेवा प्रदायगी सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर आकाश छिकारा

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलेगी स्वास्थ्य, राशन, आधार और अन्य सेवाओं की सुविधा

जगदलपुर, 25 अगस्त 2026। कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आम नागरिकों को सुगम एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिले के सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शी, सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने सेवा डेरा के लिए चयनित ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों में ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के साथ शासकीय योजनाओं का लाभ सहज रूप से मिले, इसके लिए विभागीय गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

प्रमाण पत्र और राजस्व मामलों का हो त्वरित निराकरण

बैठक में नागरिक सेवाओं और प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया को और सरल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्र, नामांतरण, पेंशन तथा राजस्व विवादों से जुड़े मामलों को तकनीकी अथवा प्रक्रियात्मक बाधाओं के कारण लंबित नहीं रखने और उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि आगामी 5 सितंबर को रायकोट में आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त सेवा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार ऑपरेटर, श्रम विभाग के श्रमिक पंजीयन कार्ड, राशन कार्ड अपडेशन और एग्रीस्टैक से संबंधित काउंटर अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएंगे।

इसे भी पढ़िए -   बाढ़ के बीच महापौर संजय पांडे ने संभाला मोर्चा, इंद्रावती से गोरिया बहार तक सजेगा हरियाली का गलियारा

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पहचान, राशन एवं अन्य जरूरी शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

पीएम सूर्य घर और जल जीवन मिशन की समीक्षा

बैठक में शासन की विभिन्न प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हितग्राहियों एवं मैदानी अमले का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों का त्वरित भौतिक सत्यापन करने तथा जल स्रोतों के संवर्धन के लिए वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित पोषण आहार वितरण, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के स्टाफ क्वार्टर्स, हॉस्टल एवं फिजियोथेरेपी कॉलेज से संबंधित भूमि आबंटन प्रकरणों का वन एवं राजस्व विभाग के आपसी समन्वय से शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री दीपेश कपिल, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *