जगदलपुर। बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और पारंपरिक लोक संगीत को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में रासपरब ग्रुप, जगदलपुर ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। ग्रुप द्वारा निर्मित बस्तर का पारंपरिक लोक गीत ‘मोंगर धरा’ आधिकारिक रूप से उनके यूट्यूब चैनल ‘रासपरब म्यूजिक’ (Raasparab Music) पर रिलीज कर दिया गया है।

इस कर्णप्रिय और खूबसूरत गीत का निर्देशन एवं निर्माण संयुक्त रूप से अंचल के निर्देशक आशुतोष प्रसाद और अभिनेता-निर्देशक राकेश यादव ने किया है। बस्तर की माटी की सोंधी महक को समेटे इस गीत के बोल गेलमनी देवी ने लिखे हैं, जबकि मधुर संगीत वरिष्ठ संगीतकार दिलीप पांडेय ने तैयार किया है। गीत को गेलमनी देवी, दिलीप पांडेय एवं उनके साथियों ने अपनी सुरीली आवाज़ दी है। इसका ऑडियो संयोजन कुसुम कैसेट द्वारा किया गया है।

गीत के दृश्य बस्तर की मनमोहक प्राकृतिक वादियों में फिल्माए गए हैं। इसका शानदार छायांकन आशुतोष प्रसाद ने किया है, जबकि लोक नृत्य की आकर्षक कोरियोग्राफी राकेश यादव के निर्देशन में तैयार की गई है।

गीत में रासपरब ग्रुप, जगदलपुर के कलाकारों—राकेश यादव, सविता रामटेके, उर्वशी कश्यप, जागृति बाला, लकी नारायण, प्रियांशी ठाकुर, गोकुल बघेल, विनय मित्रा, अनिता बघेल, जानवी निषाद, तरुण जोशी, पारेश्वर ठाकुर, अमृत नाग, अभिषेक बघेल, वाणी पटनायक, अक्षरा राव, अनुराग बनिक और बबली हलदार ने अपनी बेहतरीन कला और नृत्य के माध्यम से बस्तरिया संस्कृति के जीवंत रंगों को प्रस्तुत किया है।

इस प्रोजेक्ट की सफलता पर निर्देशक आशुतोष प्रसाद और राकेश यादव ने सहयोग करने वाले वरिष्ठजनों—अनूप जैन, आदित्य प्रसाद, अंजार नबी और सामेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह सांस्कृतिक प्रयास सफल हो सका है।

रासपरब ग्रुप ने बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के कला प्रेमियों से अपील की है कि वे ‘रासपरब म्यूजिक’ यूट्यूब चैनल पर जाकर बस्तर की इस पारंपरिक धरोहर ‘मोंगर धरा’ को देखें, अधिक से अधिक साझा करें तथा अपना प्यार और आशीर्वाद प्रदान करें।
BMN: Bastar Mati News
बस्तर की संस्कृति, कला, परंपरा और जनसरोकारों की हर सच्ची खबर—सबसे पहले, सबसे विश्वसनीय।






