मुस्कान पेट्रोल पंप के पास MCP कार्रवाई के दौरान गिरफ्तारी, मोबाइल और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त
जगदलपुर। अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट का परिवहन एवं बिक्री करने के मामले में बोधघाट पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 28 पत्तों में कुल 420 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, टच स्क्रीन मोबाइल और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 20-21 वर्ष का एक युवक अपने कब्जे में अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखकर बिक्री के उद्देश्य से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG-17-KU-6721 से ओडिशा से अड़ावाल के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना स्टाफ की टीम गठित की गई। टीम ने सूचना की तस्दीक एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए तत्काल ओडिशा रोड स्थित मुस्कान पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर MCP कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर बताए गए वाहन और युवक को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम बादल नाग उर्फ टिन्नी, पिता अनिल नाग, उम्र 20 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर बताया।
पुलिस द्वारा युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के 28 पत्ते, कुल 420 नग, एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी इन प्रतिबंधित नशीली टेबलेट को अपने कब्जे में रखने, परिवहन करने एवं बिक्री करने के संबंध में किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट सहित अन्य सामान जब्त करते हुए आरोपी बादल नाग उर्फ टिन्नी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






