2 लाख युवाओं व नव-मतदाताओं को भाजपा और भाजयुमो से जोड़ने का लक्ष्य : राहुल टिकरिहा

‘ज्वॉइन बीजेवायएम’ सदस्यता अभियान के तहत 7 दिनों में 18,846 युवाओं ने ली सदस्यता

रायपुर, 31 जुलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में प्रदेश के युवाओं एवं नव-मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आठ वर्षों बाद पुनः “ज्वॉइन बीजेवायएम” सदस्यता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेशभर के 2 लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भाजपा एवं भाजयुमो से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रायपुर स्थित एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राहुल टिकरिहा ने बताया कि यह सदस्यता महाअभियान 23 जुलाई से 20 सितंबर तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान पूरी तरह नि:शुल्क है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सदस्यता अभियान के नाम पर प्रत्येक सदस्य से 75 रुपये शुल्क लेकर वसूली कर रही है, जबकि भाजयुमो बिना किसी शुल्क के युवाओं को संगठन से जोड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरुआत दंतेवाड़ा जिले के बचेली मंडल में मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर की गई। बस्तर से अभियान शुरू करने के पीछे उद्देश्य यह है कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है तथा पूर्व में नक्सल प्रभावित इलाकों में भी सामान्य स्थिति बहाल हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व और सतत प्रयासों से प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।

इसे भी पढ़िए -   दरभा के जैगूर में गूंजा 'मन की बात', प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बांटे वनाधिकार पत्र

राहुल टिकरिहा ने बताया कि दंतेवाड़ा के बचेली, बीजापुर के भोपालपटनम, सुकमा के दोरनापाल तथा नारायणपुर के ओरछा जैसे पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी सदस्यता अभियान चलाकर युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित किया जा रहा है। इच्छुक युवा www.joinbjymcg.com के माध्यम से भी सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। साथ ही रेफरल कोड व्यवस्था के जरिए कार्यकर्ताओं द्वारा अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे यह भी पता चलता है कि किस कार्यकर्ता ने कितने लोगों को सदस्य बनाया है।

राहुल टिकरिहा ने बताया कि अभियान के पहले 7 दिनों में 18,846 युवाओं ने सदस्यता ग्रहण कर अपना प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर लिया है। बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में सभाएं आयोजित कर युवाओं और नव-मतदाताओं को संगठन से जोड़ने का कार्य किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित अवधि में 2 लाख सदस्यों का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा।

उन्होंने अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 अगस्त को सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अगस्त को महासमुंद, 7 अगस्त को गरियाबंद, 8 अगस्त को सरगुजा तथा 9 से 14 अगस्त तक सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में विशेष सदस्यता अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक राहुल राय, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, रायपुर शहर जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी तथा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पिंटू साहू उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *