पैक्स समितियों के सशक्तिकरण, सहकारी संस्थाओं के विस्तार और लंबित समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
जगदलपुर। प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में मंत्रालय महानदी भवन में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, पैक्स समितियों के सशक्तिकरण तथा किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप भी उपस्थित रहे।

बैठक में प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं और सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही पैक्स समितियों को आर्थिक एवं प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने, सहकारी संस्थाओं के कार्य-व्यवसाय का विस्तार करने तथा उनके संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों ने बैंकों और समितियों के संचालन से जुड़े कई लंबित एवं महत्वपूर्ण विषय मंत्री के समक्ष रखे। इनमें रिक्त पदों पर भर्ती, कर्मचारियों के स्थानांतरण, धान खरीदी के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याएं, कालातीत ऋणों की वसूली, अनुकंपा नियुक्ति, कर्मचारियों के भत्ते तथा एक्सग्रेशिया भुगतान जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारी संस्थाओं को अधिक मजबूत, आधुनिक और किसानों के लिए उपयोगी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भी डिजिटल तकनीक के अधिकाधिक उपयोग, समितियों के आधुनिकीकरण, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
सहकारिता क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि इस बैठक के निर्णयों से प्रदेश की सहकारी संस्थाओं को नई दिशा मिलेगी और किसानों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
BMN – Bastar Mati News






