जगदलपुर में इंद्रावती नदी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,नए पुल पर खड़े होकर लिया बाढ़ के हालातों का जायजा

जगदलपुर, 28 सितंबर 2026। बस्तर संभाग में 23 से 26 सितंबर तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी में भीषण बाढ़ की स्थिति बनी। भारी बारिश और नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से उत्पन्न हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सोमवार को स्वयं जगदलपुर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने इंद्रावती नदी पर बने नए पुल पर खड़े होकर जलभराव और उफनती नदी की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी के आसपास के डूब प्रभावित क्षेत्रों, जलमग्न भवनों और सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नक्शे और तकनीकी आंकड़ों के माध्यम से नदी के जलस्तर, बहाव तथा बाढ़ के फैलाव की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि नदी का जलस्तर पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड को पार करते हुए खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया था। इसके कारण इंद्रावती नदी के तटीय इलाकों में पानी भर गया और कई क्षेत्र प्रभावित हुए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बाढ़ की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने और स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार राहत दलों को तत्काल सक्रिय रखा जाए तथा भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित जरूरी सहायता प्रभावित लोगों तक समय पर पहुंचाई जाए।

इसे भी पढ़िए -   महापौर ने घर से दिखाई राह, मिट्टी के गणेश का घर में विसर्जन,संजय पांडे बोले—सनातन परंपरा प्रकृति के सम्मान की सीख देती है, आस्था के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी भी निभाएं

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *