सिटी ग्राउंड के सामने निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में चल रहा था बाल श्रम, संयुक्त टीम ने मारा औचक छापा
जगदलपुर, 5 सितंबर 2026। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के सिटी ग्राउंड के सामने हाउसिंग बोर्ड के निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन से 8 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया है।

कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे बाल श्रम विरोधी अभियान के तहत शनिवार को मानव तस्करी निरोधक इकाई, पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टास्क फोर्स ने निर्माण स्थल पर औचक छापा मारा। कार्रवाई का नेतृत्व मानव तस्करी निरोधक इकाई के जिला नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक चंद्रहास ने किया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां जोखिमपूर्ण निर्माण कार्यों में आठ नाबालिग बालिकाएं मजदूरी करती हुई पाई गईं। प्राथमिक जांच में सभी बालिकाओं के बस्तर जिले की निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बालिकाओं को निर्माण स्थल से मुक्त कराया और वैधानिक पुनर्वास प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में श्रम विभाग से श्रम अधिकारी भूपेंद्र नायक, श्रम निरीक्षक नमिता जॉन एवं नितेश महंत, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक अमित सिदार, प्रधान आरक्षक संजय यादव एवं आरक्षक चंदन दीवान तथा चाइल्ड लाइन से अल्का कश्यप एवं कुलेश दास पंत शामिल रहे।
ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण स्थल पर नाबालिगों से बाल श्रम कराने के मामले में संबंधित ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में बाल श्रम के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बच्चों से श्रम कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






