राष्ट्रपति का मुरिया दरबार में आगमन बस्तर के लिए गौरव का क्षण : महेश कश्यप, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद अब राष्ट्रपति को मुरिया दरबार में आमंत्रण, बस्तर की जनजातीय संस्कृति को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

जगदलपुर। बस्तर दशहरा के अवसर पर 23 अक्टूबर 2026 को जगदलपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुरिया दरबार में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति ने आमंत्रण पर प्रयास करने की सहमति व्यक्त की है। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने राष्ट्रपति के संभावित आगमन को बस्तरवासियों के लिए गौरव का अवसर बताया है।

नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का निमंत्रण पत्र राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को सौंपा गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल तथा संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन उपस्थित रहे।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आमंत्रण पर राष्ट्रपति द्वारा सकारात्मक सहमति व्यक्त किया जाना बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इसी मुरिया दरबार में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। अब राष्ट्रपति को आमंत्रित किया जाना बस्तर की इस ऐतिहासिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी को समर्पित बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की जनजातीय आस्था, सामाजिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। मुरिया दरबार इसी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सांसद कश्यप ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर की लोक परंपराओं और जनजातीय विरासत को देशभर में व्यापक पहचान मिलने की संभावना है। इससे बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

इसे भी पढ़िए -   ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गान पर कांग्रेस का निर्णय देश की भावना का अपमान : सांसद महेश कश्यप

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *