जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 36 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र डांडाबाड़ी में गुरु गोविंद सिंह वार्ड, लोकमान्य तिलक वार्ड एवं अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड के संयुक्त तत्वावधान में आंगनबाड़ी सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा तथा अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड की पार्षद बसंती समरथ उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
मातृ संवाद, न्योता भोज और मेरी पोषण थाली रही मुख्य थीम
कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘मातृ संवाद, न्योता भोज एवं मेरी पोषण थाली’ रही। इस दौरान माताओं से संवाद, पोषण जागरूकता, बच्चों की आयु के अनुरूप देखभाल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण एवं खेलकूद जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में हितग्राही माताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई।
पार्षद संग्राम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य माताओं से संवाद स्थापित करना, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वस्थ बालक एवं बालिका के रूप में प्रतीक चौधरी, नेहा पाढ़ी एवं सुजीत पटेल को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं सेवा संकल्प के लिए महांगी बघेल, चंपा नाग, विजय लक्ष्मी पटेल, पुष्प लता ठाकुर, फूलमनी बघेल, हेमलता निषाद एवं मितानिन कल्पना ठाकुर को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।कुपोषण की दर कम करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य के लिए हीरा पटेल तथा ईसीसीई कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए कांता नायक को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान पार्षद संग्राम सिंह राणा ने आंगनबाड़ी केंद्र के लिए पंखे, बर्तन एवं कुर्सियां उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं उमा गुप्ता ने भी एक पंखा देने की घोषणा की।कार्यक्रम का संचालन एवं आभार हीरा पटेल ने किया।
इस अवसर पर योगेश्वर मेश्राम, गोपाल पटेल, चंद्रकला मौर्य, इंदिरा सिंह कुशवाहा, मोनिका श्रीवास्तव, तरुन्नुम जहां, नीलम साकेत, मिथला देवांगन, मंजूलता समरथ, पुष्पा टंडन, उमा गुप्ता, गायत्री कश्यप, चमेली सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बच्चे एवं पालकगण उपस्थित रहे।






