युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ, 100 सप्ताह तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान
जगदलपुर, 02 अगस्त। जगदलपुर स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के एमबीए भवन में रविवार को “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना। इसके बाद सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशकों में आज की युवा पीढ़ी देश की बागडोर संभालेगी, लेकिन नशा इस यात्रा की सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने नशे की तुलना दीमक से करते हुए कहा कि जैसे दीमक किसी वस्तु को भीतर ही भीतर खोखला कर देती है, उसी प्रकार नशा व्यक्ति के शरीर, मस्तिष्क और पूरे जीवन को बर्बाद कर देता है।

उन्होंने बस्तर और जनजातीय क्षेत्रों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे औसत आयु प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें गायत्री परिवार, संत निरंकारी मिशन, आर्ट ऑफ लिविंग सहित सभी सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद और महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेने तथा अच्छे संस्कारों और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अतिविशिष्ट अतिथि एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और भगवान बिरसा मुंडा का स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को समाप्त कर देता है और उसे अपने लक्ष्य से भटका देता है। इसलिए युवाओं को नशे और भ्रामक संदेशों से दूर रहकर अपने व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण पर ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, वॉकथॉन, ध्यान सत्र, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं को खेल, योग, सामाजिक सरोकार और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ते हुए नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संगठनों, औद्योगिक संस्थानों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि बस्तर की युवा शक्ति को सही दिशा देकर ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार किया जा सके।






