जगदलपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार को शासन की सहायता के साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10-10 हजार की मदद देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ से उत्पन्न स्थिति, प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बाढ़ प्रभावित सुनील पिता दशरथी और कुशल पिता दशरथी के परिवारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में शासन-प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अन्य बाढ़ प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
इंद्रावती नदी के जलस्तर का भी लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से बस्तर जिले में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाई जाएं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता के अनुसार राहत दलों को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बाढ़ का पानी कम होने के बाद शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में मकान, फसल और पशुधन को हुए नुकसान का संवेदनशीलता के साथ सर्वे कर वास्तविक क्षति का आकलन करने तथा संबंधित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विषम परिस्थितियों में शासन-प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान महापौर श्री संजय पाण्डेय, नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य श्री कमलचंद्र भंजदेव, कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बीएन मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।






