जगदलपुर, 02 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर रविवार को जगदलपुर के इंदिरा स्टेडियम परिसर स्थित हॉस्टल बिल्डिंग के स्पोर्ट्स हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 200 खिलाड़ियों ने नशा मुक्ति का संकल्प लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुना।

कार्यक्रम में खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी के हॉकी खिलाड़ियों के अलावा विभागीय खेल अकादमियों के कयाकिंग-कैनोइंग, एथलेटिक्स, आर्चरी एवं कराते के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को गंभीरता से सुनते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस दौरान खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर खेल, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित खिलाड़ियों ने कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य युवाओं को भी नशा मुक्ति के लिए जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, खेल संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। अभियान के तहत खिलाड़ियों ने एक स्वर में नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।






