जगदलपुर, 26 जुलाई। कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम एवं कमान्डिंग अधिकारी कर्नल अरुण काण्डपाल के निर्देशन में तथा डॉ. आर.आर. कंवर, डॉ. सोनाली कर (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस) और एम.बी. तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा मोमबत्ती जलाकर और पुष्प अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। एनसीसी कैडेट्स ने सलामी देकर वीर जवानों को नमन किया। इसके बाद वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध एवं ‘ऑपरेशन विजय’ पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसमें भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को दर्शाया गया।

डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन के उपरांत एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में डॉ. पी.एस. नेताम, डॉ. सुरेश साहू, डॉ. शंकरलाल वर्मा एवं डॉ. गुंजा ठाकुर शामिल रहे। प्रतियोगिता में कु. आद्याशा पाती ने प्रथम, पारस प्रकाश ने द्वितीय तथा सुषमा पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह संचालक अनुसंधान डॉ. ए.के. ठाकुर तथा अध्यक्ष प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एन.सी. मंडावी थे। इस अवसर पर डॉ. मंडावी ने कारगिल युद्ध से जुड़े अपने संस्मरण विद्यार्थियों के साथ साझा किए। वहीं हवलदार सेठिया नूंदा ने सेना के अनुशासन, सीमा सुरक्षा और वीर जवानों के बलिदान पर प्रेरक विचार रखे, जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह जागृत हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. चेतना खांडेकर एवं सुश्री रिचा धुरंधर की विशेष भूमिका रही। मंच संचालन कु. आद्याशा पाती एवं वैशाली वर्मा ने किया। अंत में भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा एनसीसी कैडेट दीपराज साहू के धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
BMN: Bastar Mati News
बस्तर की संस्कृति, शिक्षा, समाज और जनसरोकारों से जुड़ी हर विश्वसनीय खबर—सबसे पहले, सबसे सटीक।






