जगदलपुर। बस्तर में आई बाढ़ और लगातार बारिश के चलते शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई गांवों में बाढ़ के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ग्रामीण इलाकों तक राहत सामग्री अपेक्षाकृत कम पहुंच पा रही है।

इसी बीच बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष रोजवीन दास ने कुरूषपाल पहुंचकर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की स्थिति का जायजा लिया। कुरूषपाल में भयावह हालात को देखते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच त्रिपाल और मच्छरदानी का वितरण किया।

रोजवीन दास ने कहा कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और अंदरूनी क्षेत्रों में भी बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। कई ऐसे इलाके हैं, जहां अभी भी पर्याप्त राहत सामग्री नहीं पहुंच पाई है।

उन्होंने शासन-प्रशासन, सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों से अपील करते हुए कहा कि राहत कार्यों का दायरा ग्रामीण क्षेत्रों तक भी बढ़ाया जाए और बाढ़ प्रभावित गांवों में जरूरतमंद लोगों तक भोजन, पानी, दवाइयां, त्रिपाल एवं अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में ग्रामीण क्षेत्रों तक राहत पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है, जितना शहरों में राहत कार्य करना।




