जगदलपुर, 17 जुलाई 2026। तकनीकी क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। यदि किसी कारणवश आप अब तक आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे, तो अब आपके पास एक और अवसर है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) जगदलपुर में सत्र 2026-27 एवं 2027-28 के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल एक बार फिर से खोल दिया गया है।
संस्था के प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी अब 24 जुलाई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं अथवा छत्तीसगढ़ के किसी भी लोक सेवा केंद्र (चॉइस सेंटर) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थी अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार छमाही पाठ्यक्रम डीसीएम (DCM), एक वर्षीय पाठ्यक्रम कोपा (COPA), स्टेनो हिंदी एवं वेल्डर तथा द्विवर्षीय पाठ्यक्रम विद्युतकार (Electrician), फिटर (Fitter) और एमएमव्ही (MMV) ट्रेड में प्रवेश ले सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के अगले ही दिन यानी 25 जुलाई को एनआईसी द्वारा मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चतुर्थ चरण की चयन सूची के आधार पर 26 जुलाई से 30 जुलाई तक संस्थाओं में प्रवेश की प्रक्रिया संचालित होगी
इसके तुरंत बाद 31 जुलाई को पंचम चरण की चयन सूची जारी की जाएगी, जिसके तहत 02 अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। वहीं षष्ठम एवं अंतिम चरण की चयन सूची के आधार पर 03 अगस्त से 05 अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि पूर्व में प्रवेश प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस नए चरण की काउंसलिंग में भाग लेते हैं और उन्हें कोई नई सीट आवंटित होती है, तो उनकी पूर्व में आवंटित सीट स्वतः निरस्त हो जाएगी।
प्रवेश से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सीधे शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, जगदलपुर के कार्यालय में उपस्थित होकर संपर्क कर सकते हैं।
BMN | Bastar Mati News”बस्तर की माटी, बस्तर की बात”






