संध्या महंती मरकाम बोलीं– वार्डवासियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा निगम प्रशासन, तत्काल हटे SLRM सेंटर
सुशील मौर्य का आरोप– जनता की परेशानी छोड़ फोटो सेशन और प्रचार में व्यस्त हैं महापौर और निगम प्रशासन
राजेश चौधरी ने पूछा– जुलाई में शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं? क्या किसी बीमारी के फैलने का इंतजार कर रहा निगम प्रशासन?
जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 07 में संचालित SLRM सेंटर को रिहायशी क्षेत्र से हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने भंगाराम चौक में उग्र धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में वार्ड पार्षद संध्या महंती मरकाम, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी एवं स्थानीय वार्डवासियों के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और पार्षद दल ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि SLRM सेंटर से निकलने वाली असहनीय दुर्गंध, आसपास फैली गंदगी, कचरे के ढेर तथा मक्खियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से क्षेत्र के रहवासी परेशान हैं। स्थिति ऐसी है कि लोगों को अपने ही घरों में सामान्य जीवन बिताने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने निगम प्रशासन से सिविल लाइन वार्ड स्थित SLRM सेंटर को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
सुशील मौर्य बोले– जनता की परेशानी छोड़ प्रचार और फोटो सेशन में व्यस्त हैं महापौर
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि नगर निगम में भाजपा की सत्ता और महापौर को आम जनता की बुनियादी समस्याओं से कोई सरोकार नजर नहीं आता। शहर की जनता गंदगी, दुर्गंध और अव्यवस्थाओं से परेशान है, लेकिन महापौर और निगम के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि अपनी उपलब्धियां गिनाने, विज्ञापनों, बड़े आयोजनों और फोटो सेशन में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि सिविल लाइन जैसे रिहायशी इलाके में SLRM सेंटर का इस तरह संचालन होना और उससे उत्पन्न समस्याओं की लगातार अनदेखी किया जाना बेहद गंभीर विषय है। सेंटर के आसपास आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है, जहां छोटे बच्चे शिक्षा और पोषण प्राप्त करने आते हैं। ऐसे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का वातावरण बना रहना बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर सवाल है।
सुशील मौर्य ने कहा कि स्वच्छता केवल विज्ञापनों, बैनरों और सरकारी आयोजनों में भाषण देने से नहीं आती, बल्कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने से आती है। जनता के स्वास्थ्य से बढ़कर कोई आयोजन, प्रचार या राजनीतिक उपलब्धि नहीं हो सकती।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी वार्डवासियों की जायज मांग के साथ मजबूती से खड़ी है। निगम प्रशासन तत्काल SLRM सेंटर को रिहायशी क्षेत्र से हटाने की प्रक्रिया शुरू करे। केवल आश्वासन देकर या अस्थायी सफाई कराकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
संध्या महंती मरकाम ने उठाया बच्चों के स्वास्थ्य का मुद्दा, 29 जुलाई को दी गई थी लिखित शिकायत
वार्ड पार्षद संध्या महंती मरकाम ने कहा कि सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 07 के नागरिक लंबे समय से SLRM सेंटर से उत्पन्न समस्याओं को झेल रहे हैं। इस संबंध में 29 जुलाई 2026 को ही वार्डवासियों की ओर से नगर निगम आयुक्त को विधिवत लिखित आवेदन सौंपकर दुर्गंध, गंदगी, मक्खियों और मच्छरों के प्रकोप की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद कई महीने बीत जाने के बाद भी निगम प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि SLRM सेंटर के आसपास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है। दुर्गंध, गंदगी और मक्खियों-मच्छरों के कारण वहां आने वाले छोटे बच्चों को परेशानी हो रही है। बच्चों के लिए निर्धारित स्थान पर स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होना चाहिए, लेकिन यहां स्थिति ऐसी बन गई है कि बच्चों का बैठना तक मुश्किल हो रहा है।
संध्या महंती मरकाम ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर मासूम बच्चों का क्या कसूर है, जिन्हें ऐसी परिस्थितियों में बैठने और पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है? बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि SLRM सेंटर के ठीक सामने स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) की आवासीय कॉलोनी के रहवासी भी लंबे समय से दुर्गंध और गंदगी से परेशान हैं। वहीं सेंटर के समीप सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की उचित मूल्य की राशन दुकान भी संचालित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद परिवार राशन लेने पहुंचते हैं।
उन्होंने निगम प्रशासन से मांग की कि रिहायशी क्षेत्र से SLRM सेंटर को तत्काल हटाया जाए और वार्डवासियों को स्थायी राहत प्रदान की जाए।
राजेश चौधरी का सवाल– क्या किसी बड़ी बीमारी के फैलने का इंतजार कर रहा निगम प्रशासन?
नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि सिविल लाइन वार्ड में SLRM सेंटर से उत्पन्न समस्याएं नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। जब वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिक 29 जुलाई 2026 को ही निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंप चुके थे, तो अब तक समस्या का समाधान क्यों नहीं किया गया?
उन्होंने सवाल किया कि शिकायत मिलने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया या नहीं? यदि निरीक्षण किया गया तो उसके बाद क्या कार्रवाई हुई? और यदि कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो इसके लिए जवाबदेह कौन है?
राजेश चौधरी ने कहा कि महापौर और निगम प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना होगा। क्या निगम प्रशासन किसी बड़ी बीमारी के फैलने या किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहा है? अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल बैठकों में शामिल होने, कार्यक्रमों में पहुंचने और तस्वीरें खिंचवाने तक सीमित नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि SLRM सेंटर का उद्देश्य कचरे का उचित प्रबंधन और शहर को स्वच्छ बनाना है, लेकिन यदि इसी केंद्र के कारण आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी, दुर्गंध और मच्छर-मक्खियों की समस्या झेलनी पड़ रही है, तो निगम प्रशासन को अपनी व्यवस्था की गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए।
नौ वर्षों से संचालित केंद्र में कचरे का अंबार, दो-तीन साल से नियमित उठाव नहीं होने का आरोप
राजेश चौधरी ने SLRM सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि स्वसहायता समूह की महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शहर में कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण केंद्र की शुरुआत की गई थी। यह केंद्र पिछले लगभग नौ वर्षों से संचालित हो रहा है।
यहां शहर के विभिन्न वार्डों से रोड-टू-डोर कचरा संग्रहण कर लाया जाता है। केंद्र में कार्यरत महिलाएं गीले और सूखे कचरे की छंटाई कर कबाड़ को अलग करती हैं। कबाड़ की बिक्री से प्राप्त राशि समूह में शामिल महिलाओं के बैंक खातों में बराबर-बराबर वितरित की जाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन वर्षों से कचरा संग्रहण केंद्र से डंपिंग यार्ड तक कचरे का नियमित उठाव नहीं हो रहा है। निगम प्रशासन की अनदेखी और उचित व्यवस्था के अभाव में केंद्र में कचरे का विशाल अंबार जमा हो गया है।
इस अव्यवस्था का असर न केवल आसपास रहने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है, बल्कि केंद्र में काम करने वाली महिलाओं के कार्यस्थल, उनकी आजीविका और शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। उन्होंने इस स्थिति के लिए महापौर संजय पांडे और निगम आयुक्त की जवाबदेही तय करने की मांग की।
कांग्रेस की मांग– सेंटर हटाने के साथ सफाई और सैनिटाइजेशन की स्थायी व्यवस्था हो
कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन के सामने प्रमुख रूप से मांग रखी कि सिविल लाइन वार्ड स्थित SLRM सेंटर को तत्काल रिहायशी क्षेत्र से हटाने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सेंटर के आसपास फैली गंदगी की तत्काल सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन, मच्छर-मक्खियों की रोकथाम और क्षेत्र में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
आंगनबाड़ी केंद्र और PDS राशन दुकान के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई, ताकि बच्चों और जरूरतमंद नागरिकों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का खतरा न रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निगम प्रशासन ने इस जनसमस्या को गंभीरता से नहीं लिया और SLRM सेंटर को हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस वार्डवासियों के साथ मिलकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
ये रहे मौजूद
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, नगर निगम उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, सुषमा सुता, सुनीता सिंह, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, पार्षद सुशीला बघेल, शुभम यदू, ललिता राव, आभाष महंती, राकेश मौर, रामकृष्ण तिवारी, रामशंकर पिल्लै, लव मिश्रा, विक्रांत सिंह, इन्दर झज्ज, मोहसिन खान, हेमंत, शंकर सेन, महबूब खान सहित कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।






