दरभा के जैगूर में गूंजा ‘मन की बात’, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बांटे वनाधिकार पत्र

बीजापुर, 26 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंदरूनी क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत दरभा के जैगूर गांव में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं के नवाचार, वैज्ञानिक सोच और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने छह हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र वितरित किए। उन्होंने नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों को तिरंगा भेंट किया। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक लोगों से वृक्षारोपण करने की अपील की।

इसे भी पढ़िए -   भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस का 66वां स्थापना दिवस धमतरी में गरिमामय वातावरण में मनाया गया

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर, जिला एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा, जिला पुलिस, वन विभाग तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

BMN: Bastar Mati News

बस्तर की हर महत्वपूर्ण खबर, विकास की हर पहल और जनसरोकारों की सटीक जानकारी—सबसे पहले, सबसे विश्वसनीय।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *