इंद्रावती नदी के संरक्षण के लिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय समुदाय मिलकर करेंगे प्रयास; नगर निगम जगदलपुर में इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का भव्य स्वागत
जगदलपुर। बस्तर की जीवनरेखा कही जाने वाली इंद्रावती नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर प्रभावी पहल की उम्मीद जगी है। इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने महादेव बैराज का निर्माण जल्द कराए जाने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंद्रावती नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए सरकार, प्रशासन तथा स्थानीय समुदायों के समन्वय से योजनाबद्ध तरीके से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी के नगर पालिका निगम जगदलपुर में प्रथम आगमन पर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं एल्डरमैन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

इंद्रावती नदी का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकताओं में
कार्यक्रम के दौरान शरद अवस्थी ने इंद्रावती नदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंद्रावती बस्तर की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए ठोस योजना बनाकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने महादेव बैराज का निर्माण जल्द कराने की बात भी कही।

उनके इस वक्तव्य से इंद्रावती नदी के संरक्षण, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और क्षेत्र की जल संबंधी आवश्यकताओं को लेकर नई उम्मीदें जुड़ी हैं। हालांकि, बैराज निर्माण की समयसीमा और परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना
स्वागत से अभिभूत शरद अवस्थी ने कहा कि नगर निगम में जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया गया, उससे वे भावुक और अभिभूत हैं। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल की स्मृतियां साझा करते हुए नगर निगम के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि शहर के जनप्रतिनिधि विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं और पार्षदों के साथ मिलकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सभी पार्षदों को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी।
साथ ही उन्होंने जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। अपने पुराने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने नगरीय निकायों, विधानसभा और लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक यात्रा एवं उपलब्धियों पर भी विचार साझा किए।
शरद अवस्थी का मार्गदर्शन प्रेरणादायी : महापौर संजय पाण्डेय
महापौर संजय पाण्डेय ने शरद अवस्थी के नगर निगम आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शरद अवस्थी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से शहर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी तथा जनप्रतिनिधि जनहित के कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।
निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं योगेंद्र पाण्डेय, आर्यन सिंह आर्य एवं सुरेश गुप्ता ने शरद अवस्थी के साथ कार्य करने के दौरान के अपने अनुभव साझा किए और उनसे जुड़ी पुरानी स्मृतियों को याद किया।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने किया, जबकि लक्ष्मण झा ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर निर्मल पाणिग्रही, त्रिवेणी रंधारी, संजय विश्वकर्मा,नरसिंग राव,प्रकाश झा, उमा मिश्रा, हरीश पारख, पारुल बोथरा, आशा साहू, खगेंद्र सिंह ठाकुर, श्याम सुंदर बघेल, संतोष गौर, बसंती समरथ, उर्मिला यादव, रोशन सिसोदिया, गिरजा गुप्ता, गायत्री बघेल, पूनम सिन्हा, यशवर्धन राव, शशिनाथ पाठक, राजेश श्रीवास्तव, अतुल कौशल, संतोष त्रिपाठी, आशुतोष पॉल, रोहित त्रिवेदी, रितेश सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






