कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों ने निकाली भव्य बाइक रैली

जगदलपुर, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को सिरासार चौक, जगदलपुर में पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं कारगिल विजय गाथा के स्मरण में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में सहभागी रहे पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया तथा उन्होंने युद्ध के अनुभव साझा किए।

वक्ताओं ने कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और शौर्य के कारण आज देश सुरक्षित और गौरवान्वित है। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, मीडिया प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा के बाद पूर्व सैनिकों ने जगदलपुर शहर में भव्य बाइक रैली निकाली। रैली का उद्देश्य कारगिल विजय दिवस के महत्व, देशभक्ति की भावना, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सैनिकों के सम्मान एवं देश सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देना था। रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और वीर शहीद अमर रहें के गगनभेदी नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने कारगिल के अमर वीरों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने नागरिकों से भी देश के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़िए -   इन्द्रावती पुल से गोरिया बहार तक बनेगा ‘ग्रीन गेटवे’: संजय पांडे, 2600 पौधों से बदलेगी जगदलपुर के प्रवेश द्वार की पहली तस्वीर

BMN: Bastar Mati News

बस्तर की संस्कृति, समाज और जनसरोकारों से जुड़ी हर विश्वसनीय खबर—सबसे पहले, सबसे सटीक।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *