अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 110 क्विंटल धान जब्त

ग्राम पंचायत मूली में शंकर उमर वैश्य के घर और गोदाम पर छापेमारी, 276 बोरियों में मिला अवैध रूप से भंडारित धान

जगदलपुर। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण और बिचौलियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को ग्राम पंचायत मूली में एक बड़ी छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासन को मिली सूचना के आधार पर टीम ने शंकर उमर वैश्य के घर और गोदाम पर दबिश दी, जहां अवैध रूप से भंडारित की गई 276 बोरी धान का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ।

इस दौरान मौके पर की गई तौल में इस धान का कुल वजन 110 क्विंटल पाया गया। भंडारण के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत पूरे 110 क्विंटल धान को विधिवत जब्त कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई में खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर, जिला विपणन अधिकारी राजेंद्र ध्रुव एवं मंडी निरीक्षक वीरेंद्र दिल्लीवार प्रमुख रूप से शामिल रहे।

प्रशासन की इस औचक और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान का कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और परिवहन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

इसे भी पढ़िए -   महात्मा गांधी जयंती पर CISF NSL नगरनार ने चलाया स्वच्छता अभियान

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *