जगदलपुर। लालबाग मैदान में रविवार, 18 अक्टूबर को स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले में देश के 23 राज्यों के स्वदेशी उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

मेले के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और बस्तर सांसद महेश कश्यप ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती और स्थानीय उद्यमियों के विकास में स्वदेशी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

स्वदेशी को अपनी दिनचर्या में शामिल करें : केदार कश्यप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी उत्पादों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
वर्तमान वैश्विक परिवेश में स्वदेशी अपनाना जरूरी : किरण सिंह देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में स्वदेशी अपनाना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है— “स्वदेशी देश हो अपना।” स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक मजबूती, स्थानीय उद्योगों के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने स्वदेशी की भावना को प्रत्येक नागरिक के जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर देश : महेश कश्यप
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ स्वावलंबन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी उत्पाद देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान और यहां की प्रतिभा को दिल्ली तक पहुंचाने में स्वदेशी मेले जैसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं और देशभर के लोगों को भारत की सांस्कृतिक विविधता एवं उद्यमशीलता से परिचित कराते हैं।
श्याम सोमानी ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत समिति के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने मेले के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और नागरिकों को भारतीय उत्पादों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंच पर मौजूद रहे कई गणमान्य अतिथि
कार्यक्रम में बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, राजाराम तोडेम, दशरथ कश्यप, खेम सिंह देवांगन, किशोर पारेख, सुब्रत चाकी, डॉ. राम राकेश जांगिड़,लक्ष्मण झा एवं कल्पना शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मेले के संयोजक किशोर पारख ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उपस्थित अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर धर्मपाल शर्मा, सुरेश गुप्ता, निर्मल पाणिग्रही, बी. जयराम, आशा डोडिया, शिवनारायण चांडक, डॉ. मनोज पाणिग्रही, झरना मोहन्ती, डॉ. ज्योति लागु, ममता राणा, मंजू लुंकड़, राजीव कपूर, संग्राम सिंह राणा, पंकज आचार्य, शशिनाथ पाठक, अभिषेक झा, विधुशेखर झा, देवेंद्र देवांगन, डॉ. शालिनी गुप्ता, हेमलता नायक, रोहित सिंह, तेजपाल शर्मा और यशवर्धन राव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
25 अक्टूबर तक चलेगा स्वदेशी मेला
लालबाग मैदान में आयोजित इस मेले में देश के 23 राज्यों के उत्पादों के माध्यम से भारत की विविधता, पारंपरिक कला, स्थानीय उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को एक मंच पर देखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से 25 अक्टूबर तक मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों का अवलोकन करने और भारतीय उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक मजबूती में सहभागी बनने की अपील की है।
Editor in chief – Ashish Shrivastav






