बस्तर में बनेगा आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट! 979 एकड़ जमीन की तलाश शुरू, हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान

जगदलपुर। बस्तर की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हुई है। संभाग में आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने उपयुक्त भूमि की तलाश शुरू कर दी है। प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए करीब 979 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। शासन स्तर से इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

विमानन संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के तहत बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए संभावित स्थलों का चिन्हांकन किया जा रहा है। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की पहल पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) चयनित स्थलों का निःशुल्क पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन और ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सरफेस (OLS) सर्वे करेगा। इस प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन से भूमि संबंधी विस्तृत जानकारी मांगी गई है।

979 एकड़ जमीन पर तैयार होगा एयरपोर्ट का प्रस्ताव

प्रशासन को संभावित स्थल का ग्राम, तहसील, निकटतम शहर से दूरी, कुल रकबा, खसरा नंबर, भू-अभिलेख, नक्शा और जीपीएस लोकेशन सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसके साथ ही भूमि शासकीय, निजी, वन अथवा राजस्व श्रेणी की है, इसकी जानकारी भी देनी होगी। प्रस्तावित भूमि अतिक्रमण, विवाद और निर्माण संबंधी बाधाओं से मुक्त होनी चाहिए।

2400 मीटर लंबा रनवे बनाने की योजना

प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए करीब 396 हेक्टेयर यानी 979 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है। इसमें 2400 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाने का प्रस्ताव है। विमानन सुरक्षा मानकों के अनुसार रनवे के आसपास पर्याप्त खुली जमीन उपलब्ध होना जरूरी है। इसके दोनों सिरों पर कम से कम 1000-1000 मीटर का खाली क्षेत्र भी अनिवार्य होगा।

इसे भी पढ़िए -   भाजपा सरकार के समयबद्ध संकल्प और सुरक्षाबलों के शौर्य से बस्तर में लौटी शांति और खुशहाली, बस्तर सांसद महेश कश्यप

पहाड़ियों और बिजली लाइनों जैसी बाधाओं का होगा आकलन

एयरपोर्ट के संभावित स्थल के आसपास मौजूद पहाड़ियों, ऊंची इमारतों, मोबाइल टावरों और हाईटेंशन बिजली लाइनों जैसी संभावित बाधाओं का तकनीकी आकलन किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों से दूरी, रेल कनेक्टिविटी, बिजली और पानी की उपलब्धता की जानकारी भी रिपोर्ट में शामिल करनी होगी।

पर्यटन, व्यापार और निवेश को मिल सकती है नई रफ्तार

भूमि चिन्हांकन और तकनीकी सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि यह प्रस्ताव धरातल पर उतरता है तो बस्तर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिल सकता है।

आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने से बस्तर के पर्यटन, व्यापार, उद्योग और निवेश की संभावनाओं को नई गति मिल सकती है। साथ ही देश के प्रमुख शहरों से बस्तर को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ने की राह भी मजबूत हो सकती है। लंबे समय से बेहतर हवाई सुविधाओं की उम्मीद कर रहे बस्तरवासियों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *