बस्तर में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 99 का ब्रेक इन सर्विस, 17 निलंबित

जगदलपुर। बस्तर जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। राज्य शासन के निर्देश पर 13 अक्टूबर से हड़ताल कर रहे पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने जिले के 99 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस करने के साथ 17 पटवारियों को निलंबित किया है।

अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे के अनुसार, बस्तर जिले की सभी 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे, जबकि 44 पटवारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर यह कार्रवाई की गई।

जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा असर

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, जगदलपुर तहसील में 26 पदस्थ पटवारियों में से 25 हड़ताल पर थे। इनमें 23 का ब्रेक इन सर्विस और 2 को निलंबित किया गया है। यहां केवल एक पटवारी कार्यरत है।

बस्तर तहसील में सभी 16 पटवारी हड़ताल पर थे। प्रशासन ने सभी 16 का ब्रेक इन सर्विस घोषित किया है और 2 को निलंबित भी किया है।

भानपुरी तहसील में 21 में से 14 हड़ताली पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस तथा 2 को निलंबित किया गया है। वहीं बकावण्ड में 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर थे, जिनमें 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।

इसे भी पढ़िए -   450 से अधिक स्कूली बच्चों ने लगाई साइकिल रेस, बस्तर पुलिस के 150 से अधिक जवानों ने बढ़ाया हौसला, JCI जगदलपुर की ‘साइकिल रेस 2.0 – राइड एंड लीड’ का भव्य आयोजन; फिटनेस, पर्यावरण और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

अन्य तहसीलों में भी प्रशासन की सख्ती

लोहण्डीगुड़ा में 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर थे। सभी 11 का ब्रेक इन सर्विस और 2 को निलंबित किया गया है। करपावण्ड में 12 में से 10 हड़ताली पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस तथा एक को निलंबित किया गया है।

नानगुर तहसील में 10 में से 8 पटवारी हड़ताल पर थे, जिनमें 7 का ब्रेक इन सर्विस और 2 को निलंबित किया गया है।

इसी तरह तोकापाल में 18 में से 16 हड़ताली पटवारियों में 2 का ब्रेक इन सर्विस और 2 का निलंबन, बास्तानार में 16 में से 9 हड़ताली पटवारियों में 2 का ब्रेक इन सर्विस और 2 का निलंबन तथा दरभा तहसील में 18 में से 13 हड़ताली पटवारियों में एक का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है।

कुल मिलाकर बस्तर जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद हड़ताली पटवारियों का अगला कदम क्या होता है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *