शहीद पार्क के पास डॉ. सुभाष चंद्र बोस पार्क में भी स्थापित की गई हाई मास्ट लाइट, शहर के सार्वजनिक स्थलों को रोशन और सुंदर बनाने निगम की पहल – संजय पांडे
जगदलपुर। शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नगर निगम ने एक और पहल की है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गंगा मुंडा तालाब क्षेत्र में विश्वकर्मा मंदिर के पास स्थापित हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण इंद्रावती बेसिन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी एवं महापौर संजय पांडे ने किया।

हाई मास्ट लाइट शुरू होने से अब गंगा मुंडा तालाब क्षेत्र शाम के समय रोशनी से जगमगाएगा। इससे यहां घूमने आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र की सुंदरता और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले शहीद पार्क के समीप स्थित डॉ. सुभाष चंद्र बोस पार्क में भी हाई मास्ट लाइट स्थापित की जा चुकी है। नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और नागरिकों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि जगदलपुर का समग्र विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास केवल बड़े निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि गंगा मुंडा तालाब और शहीद पार्क जैसे सार्वजनिक स्थल शहर की पहचान हैं और नागरिकों की गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। इन स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था होने से इनकी सुंदरता बढ़ने के साथ ही आम लोगों को भी सहूलियत मिलेगी। नगर निगम आगे भी नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप शहर के अन्य क्षेत्रों में विकास एवं सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएगा।
महापौर ने कहा कि जगदलपुर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, कलावती कसेर, त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल, योगेन्द्र पाण्डे, संजय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव, पितामह नायक, एल्डरमैन अतुल कौशल, राजपाल कसेर, शशिनाथ पाठक एवं परमेश राजा सहित जनप्रतिनिधि, निगम पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वार्डवासी उपस्थित रहे।






