‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला में 120 स्कूली विद्यार्थियों ने वरिष्ठ कार्टूनिस्टों से सीखी कार्टून और कैरिकेचर की बारीकियां
जगदलपुर, 03 अगस्त। बस्तर की सकारात्मक छवि, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जगदलपुर के एक निजी होटल में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अपनी भावनाओं और विचारों को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करना भी एक बड़ा हुनर है। उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की एक सशक्त कला भी हैं।

कार्यशाला में ‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करना और बस्तर की खूबियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ बस्तर की सकारात्मक पहचान को देशभर में स्थापित करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। यह आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने वनमंत्री केदार कश्यप और महापौर संजय पांडेय का कैरिकेचर बनाकर उन्हें भेंट किया।

कार्यशाला के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा भी पहुंचे और प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए जा रहे कार्टून एवं रचनात्मक चित्रों का अवलोकन करते हुए उनकी कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति की सराहना की।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी साधन भी है। कार्टून जैसी विधा बच्चों में रचनात्मक सोच, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों को विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी कल्पनाओं को रंगों और रेखाओं के माध्यम से समाज के सामने प्रस्तुत करने तथा सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह, स्थानीय कार्टूनिस्ट सुभाष पांडे, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।






