भाजपा जिला आर्थिक प्रकोष्ठ की पहल, आसन के तमाकोनी ग्राम में स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित
जगदलपुर, 15 अक्टूबर। बस्तर जिले में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित विद्यार्थियों की पढ़ाई दोबारा सुचारु रूप से शुरू कराने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के जिला आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा शिक्षण सामग्री वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को आसन क्षेत्र के तमाकोनी ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित 72 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां, कंपास बॉक्स, पेंसिल, रबर, कटर, पेन सहित अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “पढ़ेगा भारत, तभी तो आगे बढ़ेगा भारत।” उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। शिक्षित समाज ही मजबूत अर्थव्यवस्था और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है। समाज को सशक्त बनाने के लिए शिक्षा और उससे जुड़े आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता जरूरी है। जब समाज के लोग एक-दूसरे का सहयोग करते हुए बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आते हैं, तभी एक मजबूत समाज और आर्थिक रूप से सक्षम राष्ट्र का निर्माण संभव होता है।

बाढ़ में नष्ट हो गई थी बच्चों की शिक्षण सामग्री
गौरतलब है कि बस्तर जिले में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से कई गांवों और शहरी बस्तियों में जनजीवन प्रभावित हुआ था। बाढ़ के कारण अनेक विद्यार्थियों की पुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री नष्ट हो गई थी। इससे बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए भाजपा जिला आर्थिक प्रकोष्ठ ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों को चिह्नित किया, जिनकी शिक्षण सामग्री बाढ़ में नष्ट हो गई थी। इसके बाद उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का अभियान शुरू किया गया।
आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा अब तक डोंगाघाट, कोहकापाल, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड और आसन क्षेत्र के तमाकोनी ग्राम में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की जा चुकी है। प्रकोष्ठ के सदस्यों ने अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही, ताकि बाढ़ प्रभावित बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
आर्थिक प्रकोष्ठ समाज के उत्थान के लिए कर रहा कार्य : वेद प्रकाश पाण्डेय
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि जिला आर्थिक प्रकोष्ठ अपने नाम के अनुरूप समाज के आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनसेवा के विभिन्न कार्यों में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने इस पहल के लिए आर्थिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहना की।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास : डॉ. सुभाऊ राम कश्यप
भाजपा नेता डॉ. सुभाऊ राम कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य करती है।
उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, 108 एंबुलेंस सेवा, घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने, आयुष्मान कार्ड तथा महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक सशक्तीकरण जैसे विषयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य आम जनता के जीवन को बेहतर बनाना और समाज के कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझने पर दिया जोर : श्रीनिवास मिश्रा
जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा समाज के विभिन्न वर्गों की आवश्यकताओं को समझते हुए उनकी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और कार्यों में प्रत्येक नागरिक के साथ उचित न्याय सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने केंद्र और भाजपा शासित प्रदेशों की सरकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकल्याण और लोगों की आवश्यकताओं को समझना शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सक्षम ग्राम से ही सक्षम राज्य और राष्ट्र का निर्माण : मनीष पारख
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख ने कहा कि एक सक्षम ग्राम से सक्षम राज्य और सक्षम राज्य से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विद्युतीकरण, सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य सुविधाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों जैसी आधारभूत संरचनाओं के विकास को गति मिली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री का वितरण इसी सेवा भावना का उदाहरण है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन परमेश्वर जाने ने किया।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, स्थायी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामाश्रय सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीधर ओझा, जिला मंत्री अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ नरेंद्र सिंह, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष आनंद झा, आसन की सरपंच श्रीमती प्रेमवती बघेल, किसान मोर्चा मीडिया प्रभारी गुरु नारायण पाणिग्रही, कुलेश्वर पाणिग्रही, बूथ अध्यक्ष मनीराम बघेल, बूथ सचिव विकास जोशी, सोनम चौधरी, सुभद्रा ठाकुर, धनीराम कश्यप, श्रीमती चूरूपेशी, ललित कश्यप, असमती कश्यप, जानेवती पाणिग्रही सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






