जगदलपुर। शहर के प्रवीर वार्ड स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव के विशेष प्रयासों से मंदिर परिसर के विकास के लिए गुरुवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं आर्किटेक्ट ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जगदलपुर के प्रवीर वार्ड में लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। मंदिर के जीर्णोद्धार, विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए विधायक श्री किरण सिंह देव द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उनके प्रयासों के फलस्वरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल द्वारा मंदिर के विकास के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

इसी क्रम में प्रस्तावित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने की दिशा में गुरुवार को संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं आर्किटेक्ट ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने संबंधित अधिकारियों एवं मंदिर के पुजारी से फोन के माध्यम से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
श्री किरण देव ने कहा कि जगदलपुर शहर के प्रवीर वार्ड स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मी नारायण मंदिर का अपना विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। उन्होंने मंदिर के विकास के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग के अनुरूप लक्ष्मी नारायण मंदिर के विकास एवं उन्नयन से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, धार्मिक आयोजनों एवं अन्य धार्मिक अवसरों पर भक्तों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कार्यों के संबंध में अधिकारियों और संबंधित लोगों से चर्चा की गई। साथ ही विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ एवं निर्धारित समय में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
स्वीकृत विकास कार्यों के तहत मंदिर परिसर में शेड निर्माण, यज्ञशाला निर्माण, गार्डन में पाथवे, मंदिर के प्रवेश द्वार सहित विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद मंदिर परिसर का समग्र विकास होने के साथ ही इसकी भव्यता और सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
स्थानीय श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने मंदिर के विकास के लिए राशि स्वीकृत किए जाने और किए जा रहे प्रयासों के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण सिंह देव, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रस्तावित विकास कार्य पूर्ण होने के बाद श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर अपनी धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करते हुए जगदलपुर के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था केंद्रों में एक भव्य, सुंदर एवं सुविधायुक्त धार्मिक स्थल के रूप में स्थापित होगा।






