राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का 23 अक्टूबर को जगदलपुर में प्रवास-पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, परिवर्तित मार्गों से होगा आवागमन

जगदलपुर, 21 अक्टूबर 2026/ जगदलपुर के सिरहासार में शुक्रवार 23 अक्टूबर को आयोजित मुरिया दरबार तथा लालबाग में आयोजित आमसभा में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आगमन होगा। शहर में आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक प्रभावी रहने वाली इस व्यवस्था के तहत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस अवधि के दौरान शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा, जबकि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को सभी प्रकार के प्रतिबंधों से पूर्ण छूट प्रदान की गई है।

यात्री बसों, दोपहिया और चारपहिया छोटे वाहनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (जगदलपुर-रायपुर मार्ग) की ओर जाने वाले सामान्य आवागमन में बदलाव किया गया है, जिसके तहत वाहन बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा रोड से होकर गुजरेंगे क्योंकि लालबाग मार्ग पर सामान्य आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इसके साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर समय-सारणी के अनुसार चरणबद्ध प्रतिबंध लागू किए गए हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक कुम्हारपारा चौक, शहीद पार्क, स्टेट बैंक चौक, दंतेश्वरी मंदिर, गोलबाजार चौक, मिताली चौक और सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक तक आवागमन बंद रहेगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 04 बजे तक सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक , सर्किट हाउस चौक , भंगाराम चौक, आईजीपी बंगला तिराहा, पुलिस ऑफिसर्स मेस तिराहा और लालबाग हाउसिंग बोर्ड तिराहा तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।

इसे भी पढ़िए -   राजमहल परिसर में मीना बाजार लगाने का विरोध, अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग, कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन, यातायात, सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर जताई चिंता

वहीं दोपहर 01 बजे से शाम 04 बजे के बीच पुलिस आईजी बंगला तिराहा से कोतवाली मार्ग, त्रिवेणी परिसर, पुलिस पेट्रोल पंप से झंकार टॉकीज तिराहा और शहीद पार्क से कुम्हारपारा चैक तक का मार्ग बंद रखा जाएगा। इन सभी प्रतिबंधित मार्गों के विकल्प के रूप में आम जनता चांदनी चौक से होकर बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग से नेशनल हाईवे 30 की ओर आवागमन कर सकेगी।

स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कुम्हारपारा चौक से बोधघाट थाना मार्ग, जमाल मिल तिराहा से एफसीआई गली, महावीर चैक से दुर्गा चौक, स्टेट बैंक चैक से भंगाराम चैक तथा भंगाराम चैक से पथरागुड़ा की ओर क्रॉसिंग की सुविधा निर्धारित की गई है, जिसे विशेष परिस्थितियों या सुरक्षा कारणों से आवश्यकता पड़ने पर रोका भी जा सकता है।

लालबाग ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए भी अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। मंच पर आसीन होने वाले विशिष्ट अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के वाहन जगदलपुर शहर स्टेट बैंक चौक से कोतवाली तिराहा, पुलिस आईजी बंगला तिराहा होकर सनसिटी मार्ग से लालबाग ग्राउंड पहुंचेंगे।

वहीं कार्यक्रम में शामिल होने वाली आम जनता के लिए आमागुड़ा चौक को मुख्य केंद्र बनाया गया है। कोण्डागांव-रायपुर रोड और नगरनार रोड से आने वाले वाहन नेशनल हाईवे 30 से होते हुए आमागुड़ा चौक पहुंचेंगे। गीदम एवं सुकमा रोड से आने वाले लोग तेलीमारेंगा आड़ावाल बायपास अथवा गीदम नाका सरगीपाल रोड से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग होते हुए पहुंचेंगे, जबकि लोहण्डीगुड़ा से आने वाले वाहन पल्ली नाका, बीआर कोल्ड स्टोरेज, सरगीपाल रोड और हाटकचोरा रोड होकर आमागुड़ा पहुंचेंगे।

इसे भी पढ़िए -   सवा लाख दीपों से जगमगाएगा जगदलपुर, 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’

शहरवासियों के लिए चांदनी चौक से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा रोड का रास्ता निर्धारित किया गया है। आम नागरिकों को आमागुड़ा चौक पर उतारने के बाद सभी वाहनों को रिलायंस पेट्रोल पंप और गणपति रिसॉर्ट के पास बने निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क कराया जाएगा, जहां से लोग पैदल कार्यक्रम स्थल की ओर प्रस्थान करेंगे। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों और यात्रियों से यातायात नियमों व परिवर्तित मार्गों का पालन कर सहयोग करने की अपील की गई है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *