‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत रोटरी क्लब ने शुरू की निःशुल्क बस सेवा, माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा, 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर-दंतेवाड़ा के बीच होगा संचालन

जगदलपुर। माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत निःशुल्क बस सेवा शुरू की है। रविवार को जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे एवं बस्तर महाराज कमल चंद्र भंजदेव की उपस्थिति में इस सेवा का शुभारंभ किया गया।

यह बस सेवा 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच संचालित होगी। इसका उद्देश्य सीमित रेल सुविधाओं के बीच श्रद्धालुओं और जरूरतमंद यात्रियों को आवागमन का वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए यात्रा करने में सुविधा मिल सके।

रोटरी क्लब के अनुसार, दंतेवाड़ा के लिए सीमित रेल सेवाओं के कारण यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं को परिवहन संबंधी परेशानियों से राहत देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

इस परियोजना के चेयरमैन रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष रोटेरियन संग्राम सिंह राणा हैं। वहीं, क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल और संयुक्त सचिव रोटेरियन सप्तगिरि मद्दी सेवा के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार होगा बसों का संचालन

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर से दंतेवाड़ा के लिए पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस दोपहर 2 बजे रवाना होगी। वहीं, दंतेवाड़ा स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर से जगदलपुर के लिए बस सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी।

यह व्यवस्था 11, 12, 13, 14 और 15 अक्टूबर को लागू रहेगी।

केवल एकतरफा यात्रा की सुविधा

रोटरी क्लब के सचिव अंकित गोयल ने स्पष्ट किया कि यह सेवा केवल एकतरफा यात्रा अर्थात ड्रॉप सुविधा के रूप में उपलब्ध है। जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस लाने की व्यवस्था नहीं होगी। यात्रियों को अपनी वापसी की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

इसे भी पढ़िए -   बस्तर में अपने दम पर तैयार हो रही ‘वेटलिफ्टिंग की नई पौध’, महापौर संजय पांडे ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

इसी प्रकार, दंतेवाड़ा से जगदलपुर आने वाली बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार होगा। इसे पहले गए यात्रियों की वापसी की सुनिश्चित व्यवस्था नहीं माना जाना चाहिए।

जनसेवा और धार्मिक आस्था को जोड़ने की पहल

रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष एवं परियोजना चेयरमैन संग्राम सिंह राणा ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट आशा’ जनसेवा और धार्मिक आस्था को जोड़ने का प्रयास है। इस पहल के माध्यम से क्लब का उद्देश्य परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करना है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित समय, प्रस्थान स्थल और एकतरफा यात्रा की शर्तों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस अवसर पर रोटरी क्लब के सदस्यगण उपस्थित रहे।

आशीष श्रीवास्तव

Founder & Editor-in-Chief

BMN – BASTAR MATI NEWS

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *