बस्तर के हर स्कूल तक पहुंचेगा स्काउट-गाइड, तोकापाल में बनी नई कार्ययोजना

जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता का आह्वान – अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड से जोड़ें, नए पंजीयन अभियान में लाएं तेजी

जगदलपुर, 18 जुलाई 2026। भारत स्काउट एवं गाइड, जिला बस्तर की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, तोकापाल में जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के सातों विकासखंडों से आए स्काउट-गाइड प्रशिक्षक शिक्षकों एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में नए शैक्षणिक सत्र के लिए संगठन के विस्तार, प्रत्येक विद्यालय तक स्काउट-गाइड गतिविधियों को पहुंचाने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई।

जिला सचिव लीलेश देवांगन ने जिले में स्काउट-गाइड की वर्तमान गतिविधियों और संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी दी तथा प्रशिक्षक शिक्षकों से सुझाव आमंत्रित किए। विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षकों ने भी संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अपने अनुभव साझा किए।

जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि बस्तर की पहचान केवल अपनी संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से ही नहीं, बल्कि स्काउट एवं गाइड की उत्कृष्ट गतिविधियों से भी बने। उन्होंने सभी दल प्रभारियों से नए पंजीयन अभियान में तेजी लाने और पंजीकृत विद्यार्थियों का बीएसजी इंडिया पोर्टल पर समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रशिक्षक शिक्षकों से कहा कि वे अधिक से अधिक बच्चों को स्काउट एवं गाइड से जोड़ें। यूनिफॉर्म और वित्तीय व्यवस्था की चिंता संगठन करेगा। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों का विकास करना है, ताकि वे समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

इसे भी पढ़िए -   झाडेश्वर महादेव मंदिर में घुसकर पुजारी से मारपीट का आरोप, धार्मिक संगठनों में आक्रोश; दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

बैठक में जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में “एक विद्यार्थी–एक पौधा” अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

बैठक में श्रीमती सुधा मिश्रा, परमेश राजा, दसरुराम यादव, श्रीमती मीरा हिरवानी, जेपी पाठक, दिलाशी लाल, गोपेन्द्र सार्दुल, विजय चंद्राकर, भूमिका निषाद, दीपा ठाकुर, भरत यादव, गिरवर रावटे सहित जिला कार्यकारिणी के सदस्य, सातों विकासखंडों के प्रशिक्षक शिक्षक, स्काउटर एवं गाइडर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

📌 BMN | Bastar Mati Newsसटीक • निष्पक्ष • सबसे पहले

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *