सवा लाख दीपों से जगमगाएगा जगदलपुर, 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’

मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर महीनेभर होंगे सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम, 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने और उनके जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर जगदलपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सेवा गतिविधियों के साथ जनभागीदारी, नवाचार और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को केंद्र में रखा गया है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर जनसेवा की राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। 7 अक्टूबर 2026 को इस यात्रा के 25 वर्ष पूरे होंगे। भाजपा इस अवसर को सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ जनभागीदारी से जोड़ रही है।

सवा लाख दीपों से रोशन होगा जगदलपुर

अभियान के शुभारंभ अवसर पर जगदलपुर में सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बस्तर में अभियान के तहत सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविरों से होगी। इसके अलावा सेवा गतिविधियां, सरकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने के प्रयास, युवाओं को नवाचार से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसे भी पढ़िए -   ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गान पर कांग्रेस का निर्णय देश की भावना का अपमान : सांसद महेश कश्यप

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

अभियान का प्रमुख पड़ाव 7 अक्टूबर को होगा। इस दिन ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से गांवों और शहरों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जगदलपुर में यात्रा के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सार्वजनिक रूप से सुनने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। राष्ट्रीय स्तर पर वडनगर और वाराणसी को जोड़ने वाली सेवा यात्रा भी अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है।

अभियान के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा सेतु’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य सेवा कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा युवाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ना है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा भावना और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *