भाजपा को हराने में नाकाम, अब विरोध-प्रदर्शन से जनता को कर रहे परेशान: रायपुर में रवि किशन का राहुल गांधी और सपा पर हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा सांसद रवि किशन ने इंडी गठबंधन के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को चुनाव में हराने में असफल होने के बाद विपक्षी दल विरोध-प्रदर्शनों के जरिए आम जनता को परेशान कर रहे हैं।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए रवि किशन ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके नाम पर सड़कों को जाम करना, हिंसा करना और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ाना उचित नहीं है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि वीडियो में धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के मानसिक संतुलन पर भी टिप्पणी की। रवि किशन ने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर जाम लगने से एंबुलेंस में मरीजों के साथ जाने वाले लोगों को दिक्कत होती है, वहीं कई लोग समय पर अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंच पाते।

उन्होंने कहा कि विरोध करने का मतलब सड़कों को अवरुद्ध करना नहीं है। भारत एक स्वतंत्र देश है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठानी चाहिए, ताकि उसकी बात सुनी जा सके।

रवि किशन ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हुई झड़प का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान जूते-चप्पल चले। उन्होंने इस घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की भूमिका पर सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के बीच बढ़ती निराशा के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

इसे भी पढ़िए -   जगदलपुर में "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान" का शुभारंभ

पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना

भाजपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दुनिया के नेता प्रधानमंत्री मोदी को एक आदर्श नेता मानते हैं, तो विपक्ष उनके नेतृत्व का विरोध क्यों कर रहा है।

रवि किशन ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने 65 वर्षों तक देश का शोषण किया और अब भारत को फिर पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के साथ है तथा देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *