नए जलशोधन संयंत्र से पाइपलाइन इंटरकनेक्शन कार्य के चलते निर्धारित तिथियों पर सुबह 10:30 से शाम 5 बजे तक रहेगा शटडाउन
जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर क्षेत्र में नव-निर्मित जलशोधन संयंत्र से नई पाइपलाइन के इंटरकनेक्शन का तकनीकी कार्य किया जाएगा। इसके चलते शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में 24 अगस्त से 9 सितंबर तक निर्धारित तिथियों पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। निगम प्रशासन ने बताया कि कार्य की प्रगति के अनुसार शटडाउन की अवधि में आवश्यकतानुसार कमी या वृद्धि की जा सकती है।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, 24 एवं 25 अगस्त को तेतरकुटी, एलआईसी एवं एसटी/एससी थाना टंकी से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इनमें तेतरकुटी, गैरेज लाइन, अघनपुर, एमपीएम रोड, परपा नाका पंचायत घेरा, धरमपुरा क्रमांक 1 व 2, कंगोली रोड, एलआईसी रोड, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेंद्र नगर शामिल हैं।
इसके बाद 29 एवं 30 अगस्त को इंडस्ट्रियल एरिया और बीएसएनएल टंकी से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान मदर टेरेसा कॉलोनी, वर्धमान कॉलोनी, डॉ. रिजवी लाइन, साकेत कॉलोनी तथा दंडकारण्य के आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
2 एवं 3 सितंबर को शहीद पार्क एवं भंगाराम टंकी क्षेत्र में शटडाउन रहेगा। इससे लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, निर्मल विद्यालय घेरा और वीर सावरकर वार्ड प्रभावित होंगे।
इसी तरह 5 एवं 6 सितंबर को पावर हाउस टंकी से जुड़े विजय वार्ड, पनारापारा, शिवमंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, सदर वार्ड तथा सुभाष वार्ड की टंकी लाइन में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
इंटरकनेक्शन कार्य के अंतिम चरण में 8 एवं 9 सितंबर को सिटी ग्राउंड टंकी एवं पानी टंकी से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इसके अंतर्गत महारानी वार्ड, शांति नगर वार्ड, मदर टेरेसा वार्ड, गुण्डाधुर वार्ड और प्रतापदेव वार्ड शामिल हैं।
नगर पालिक निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित शटडाउन को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार पहले से पेयजल का भंडारण कर लें। निगम ने नागरिकों से पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के इस महत्वपूर्ण कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।






