बारिश के बीच देर रात तक मैदान में डटे रहे महापौर संजय पांडे, जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

तत्काल राहत पहुँचाने मुस्तैद रहा निगम

जगदलपुर। शहर में बुधवार को हुई लगातार बारिश के बीच महापौर संजय पांडे दिन से लेकर देर रात तक शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लेते रहे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर अधिकारियों को तत्काल राहत एवं जल निकासी के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बारिश से होने वाली परेशानियों से जल्द राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान सुंदरलाल शर्मा वार्ड में जलभराव की गंभीर स्थिति सामने आने पर महापौर ने मौके पर ही जेसीबी मशीन बुलवाकर नालियों की सफाई और जल निकासी का कार्य शुरू कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान किसी भी वार्ड से जलभराव की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगरवासियों की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के मौसम में जलभराव, नालियों की रुकावट और अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम का अमला लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि निगम की टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत कार्य किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा तथा नगर निगम का सफाई अमला भी मौके पर मौजूद रहा और राहत कार्यों की निगरानी करता रहा।

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में जलभराव या अन्य कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। नगर निगम ने भरोसा दिलाया है कि बारिश के दौरान शहर में जनजीवन सामान्य बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इसे भी पढ़िए -   बिजली के दाम कम करने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन, बस्तर पंडुम पर करोड़ों खर्च का भी उठाया सवाल

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *