बिलासपुर में सियासी घमासान: बैरिकेडिंग तोड़ कांग्रेस भवन में घुसीं भाजपा नेत्रियां, तोड़फोड़ के आरोप पर कांग्रेस ने मांगी FIR

बिलासपुर। छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर बिलासपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव देखने को मिला। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस भवन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर कांग्रेस कार्यालय के अंदर पहुंच गईं और जमकर नारेबाजी की।

वहीं, कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यालय में कथित तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

भाजपा महिला मोर्चा की बिलासपुर शहर और ग्रामीण इकाई ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। इसमें महापौर पूजा विधानी, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, शहर जिलाध्यक्ष स्नेहलता शर्मा और ग्रामीण जिलाध्यक्ष गायत्री साहू सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक पक्षपात नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोपों की जांच कर तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही। भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय ने भी महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की।

बैरिकेडिंग पार कर कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस भवन से पहले बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। हालांकि, नारेबाजी करते हुए पहुंचीं भाजपा नेत्रियों और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर ली और कांग्रेस भवन के अंदर पहुंच गईं। यहां भी नारेबाजी और हंगामा जारी रहा।

इसे भी पढ़िए -   बस्तर की थाली प्रयोगशाला नहीं—त्योहार से पहले हर खाद्य प्रतिष्ठान की हो जांच : नवनीत चाँद

कांग्रेस ने लगाया तोड़फोड़ का आरोप

भाजपा के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने पलटवार करते हुए पार्टी कार्यालय में जबरन प्रवेश और कथित तोड़फोड़ पर नाराजगी जताई। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि महिला सम्मान जैसे संवेदनशील मुद्दे की आड़ में किसी राजनीतिक दल के कार्यालय में घुसना और तोड़फोड़ करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

कांग्रेस नेताओं ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक ने भाजपा पर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

FIR नहीं हुई तो भाजपा नेताओं के निवास पर प्रदर्शन की चेतावनी

कांग्रेस ने महापौर पूजा विधानी, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्नेहलता शर्मा और घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा विधायकों और मंत्रियों के निवास पर पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

फिलहाल, यह मामला छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े आरोपों के साथ-साथ दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर चर्चा में है। आरोपों और कथित तोड़फोड़ से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *