NEET परीक्षा के दबाव में छात्रा की मौत: पीड़ित परिवार से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, मानसिक स्वास्थ्य पर जताई चिंता

जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र के आड़ावाल खासपारा में रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा सुरला हारिका राव नायडू की आत्महत्या की दुखद घटना के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पीड़ित परिवार से मिलने उनके निवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बताया गया कि छात्रा लगातार तीन बार NEET परीक्षा में असफल होने के बाद मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे बस्तर क्षेत्र को झकझोर दिया है।

दीपक बैज ने कहा कि यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का बढ़ता दबाव, लगातार असफलता का मानसिक बोझ और समय पर मनोवैज्ञानिक सहयोग का अभाव कई युवाओं को अवसाद की ओर धकेल रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार को मिलकर ऐसा माहौल तैयार करना चाहिए, जहां असफलता को जीवन का अंत नहीं बल्कि आगे बढ़ने का अवसर माना जाए। युवाओं को समय पर उचित मार्गदर्शन, काउंसलिंग और भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराया जाना बेहद जरूरी है।

इस दौरान प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, पूर्व निगम अध्यक्ष कविता साहू, रविशंकर तिवारी, विजय सिंह, प्रशांत जैन, अनुराग महतो, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, प्रणय शील मंडल, मुकुंद राम नेताम, प्रभुदास, साहिल हीयाल, राजू राव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़िए -   शिक्षा के क्षेत्र में बस्तर की ऐतिहासिक उड़ानज्ञानगुड़ी के 47 बच्चों ने नीट परीक्षा पास कर रचा इतिहास

नोट : यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो कृपया किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *