जगदलपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जगदलपुर से दंतेवाड़ा स्थित प्रसिद्ध माँ दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर द्वारा की जा रही है।

इसी संबंध में रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में मंत्री केदार कश्यप से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में क्लब अध्यक्ष डॉ. मनोज थॉमस, सचिव अंकित गोयल एवं उपाध्यक्ष संग्राम सिंह राणा मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को जानकारी दी कि शारदीय नवरात्रि के दौरान जगदलपुर से दंतेवाड़ा स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य नवरात्रि के दौरान माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
क्लब पदाधिकारियों के अनुसार, बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दंतेवाड़ा पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी पहल मानी जा रही है।






