जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से देश और प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत समाज और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को महारानी अस्पताल पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया और युवाओं को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महारानी अस्पताल तथा शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।

रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
रक्तदान शिविर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अन्य रक्तदाताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त आपातकालीन परिस्थितियों, गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
उन्होंने शिविर के आयोजन में दिन-रात जुटे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के समर्पण की भी सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और समर्पण की भावना का उदाहरण रहा है। उनके 25 वर्षों के सेवा पथ से प्रेरणा लेकर ही सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अभियान से जुड़ने और नियमित रक्तदान को अपनी आदत बनाने का आह्वान किया।
एड्स जागरूकता पर नाटक ने दिया महत्वपूर्ण संदेश
महारानी अस्पताल में उप मुख्यमंत्री ने एड्स के प्रति जागरूकता, बचाव और आधुनिक उपचार संसाधनों पर आधारित ज्ञानवर्धक नाटक का मंचन भी देखा। कलाकारों ने प्रस्तुति के माध्यम से बीमारी को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों को दूर करने तथा समय पर आधुनिक चिकित्सा पद्धति अपनाने का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि जनजागरूकता किसी भी स्वास्थ्य अभियान की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी है।
महारानी अस्पताल परिसर में किया पौधरोपण
सेवा संकल्प अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प दोहराते हुए आमजनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
रक्तदान शिविर में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उप मुख्यमंत्री के स्वयं रक्तदान करने से शिविर में मौजूद युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला। दिनभर चले शिविर में बड़ी संख्या में रक्त यूनिट एकत्रित की गई, जिससे स्थानीय ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और रक्तदाता मौजूद रहे।






