प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास निर्माण और राशि आहरण की निष्पक्ष जांच की मांग
मांगें नहीं मानी गईं तो दरभा से जगदलपुर तक निकाली जाएगी पदयात्रा — बलिराम बघेल
दरभा, 18 सितंबर 2026। बस्तर क्रान्तिकारी विचार मंच के बैनर तले शुक्रवार को दरभा ब्लॉक मुख्यालय में जनपद सदस्यों, सरपंचों एवं ग्रामीणों ने गौण खनिज मद की राशि और ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंचायतों को मिलने वाली राशि के आवंटन एवं वितरण में पारदर्शिता तथा विकास कार्यों में समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान मंच की ओर से वर्ष 2023 से 2026 तक पंचायतवार गौण खनिज मद की राशि का विवरण सार्वजनिक करने, दरभा ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों को समान अधिकार देने तथा 16वें वित्त की राशि जारी करने की मांग रखी गई।
इसके अलावा DMF की राशि से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने, पंचायतों के अधिकारों का पालन सुनिश्चित करने और शासकीय विकास कार्यों में पारदर्शिता बरतने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण एवं राशि आहरण में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत कड़मा में लगभग 55 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता/गबन की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई।
मंच ने ग्राम पंचायतों में मकान टैक्स पर पुनर्विचार, शासकीय विकास कार्यों में पारदर्शिता तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान और शासकीय कार्यक्रमों के शिलालेखों में उनके नाम नियमानुसार अंकित करने की मांग भी रखी।
15 दिन का समय, मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बस्तर क्रान्तिकारी विचार मंच के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व जनपद सदस्य मुन्नालाल कश्यप ने कहा कि प्रशासन को सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में मांगों का संतोषजनक निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं जनपद सदस्य बलिराम बघेल ने कहा कि यदि मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो दरभा से जिला मुख्यालय जगदलपुर तक पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायतों के अधिकार और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मंच की ओर से कहा गया कि ग्राम पंचायतों के विकास के लिए आने वाली राशि का उपयोग पारदर्शी तरीके से जनहित में होना चाहिए और दरभा ब्लॉक की सभी पंचायतों को विकास के लिए समान एवं न्यायसंगत अवसर मिलना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान अल्ताफ उल्ला खान, जयदेव नाग उप सरपंच दरभा, राजू सोड़ी जनपद सदस्य, मानु राम नाग, मानसिंह बघेल, दिव्या पोयाम जनपद सदस्य, कंचन कश्यप जनपद सदस्य, हरि मरकाम सरपंच, शंकर कश्यप, प्रेमसिंह कश्यप, सुनील यादव, देवा मरकाम, सीताराम नाग सरपंच, दसरु पोड़ियामी, बुदरू कवासी सरपंच, समबती नाग सरपंच, शाकाराम नाग सरपंच, लालूराम नाग सरपंच, चैतूराम कश्यप, सोनसाय नाग, चिंगरू कश्यप, जलन नाग, सोनारु मरकाम, लकमू नाग, विक्रम नाग, मोहम्मद सादिक, रामु कुंजाम, लखमा, शत्रु मरकाम, फूलसिंग कश्यप, झिमूक लाल मरकाम, आयतु राम उप सरपंच, लक्ष्मण कश्यप, कारी मंडावी सरपंच एवं सुखराम मंडावी उप सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
आशीष श्रीवास्तव — Founder & Editor-in-Chief, BMN – BASTAR MATI NEWS






