18 नवंबर से नर्सिंग ऑफिसर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन, सुशील मौर्य बोले– हक और सम्मान की लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है कांग्रेस

स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं नर्सिंग ऑफिसर्स, उनकी मांगों की अनदेखी कर्मचारियों और स्वास्थ्य सेवाओं दोनों के हित में नहीं : सुशील मौर्य

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, सरकार से वार्ता कर समस्याओं के समाधान की मांग

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स की लंबित मांगों को लेकर 18 नवंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को कांग्रेस ने समर्थन देने की घोषणा की है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुशील मौर्य से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसोसिएशन ने आगामी 18 नवंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल की जानकारी देते हुए कांग्रेस से आंदोलन को समर्थन देने का आग्रह किया।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने लंबे समय से लंबित मांगों, कार्यक्षेत्र में आ रही समस्याओं और कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग और शासन का ध्यान लगातार आकर्षित करने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं मिलने के कारण एसोसिएशन को हड़ताल का निर्णय लेना पड़ रहा है।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, उपचार व्यवस्था के संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। दिन-रात अपनी सेवाएं देकर वे आम जनता के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके अधिकारों, सम्मान और जायज मांगों की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

इसे भी पढ़िए -   जगदलपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा, 52.78% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

सुशील मौर्य ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल अस्पतालों के संसाधन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को उचित अधिकार, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और उनकी जायज मांगों का समाधान देना भी उतना ही आवश्यक है। जब स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले नर्सिंग ऑफिसर्स को अपनी मांगों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़े, तो यह शासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए गंभीर चिंतन का विषय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है। नर्सिंग ऑफिसर्स की समस्याओं और मांगों को लेकर भी कांग्रेस उनकी आवाज बुलंद करेगी। भाजपा सरकार को चाहिए कि हड़ताल की नौबत आने से पहले एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से सकारात्मक बातचीत करे और उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करे।

सुशील मौर्य ने स्पष्ट कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स अपने हक और सम्मान की लड़ाई अकेले नहीं लड़ेंगे। इस संघर्ष में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेगी, ताकि कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए मजबूर न होना पड़े और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित न हों।

इस दौरान पूर्व सभापति कविता साहू, ग्रामीण महामंत्री सुभाष गुलाटी, सुनीता सिंह सहित नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *