महाभंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जगदलपुर/हटकचोरा। PMAY AHP की 58 यूनिट वाली ऊर्जा प्रॉपर्टी, श्रद्धा कॉलोनी, हटकचोरा में कॉलोनीवासियों द्वारा गणेश चतुर्थी, भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं जगदलपुर विधायक तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव के जन्मदिवस के अवसर पर विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर कॉलोनीवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश एवं शिल्पकला के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा जी के विधिवत पूजन-अर्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

पूजन के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा के लिए मंगलकामनाएं की गईं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दोनों के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

पूरे आयोजन के दौरान कॉलोनी परिसर भक्तिमय भजनों से गूंजता रहा। पूजा-अर्चना के बाद विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनी के परिवारों के साथ आसपास के श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की।
कॉलोनीवासियों ने आपसी सहयोग, सौहार्द और एकजुटता के साथ आयोजन को सफल बनाया। आयोजन के समापन पर वरिष्ठजनों सहित कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






