जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ से बने मुश्किल हालात के बीच सामाजिक संगठनों और समाजों द्वारा लगातार राहत एवं सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कायस्थ समाज जगदलपुर ने भी मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराई।

कायस्थ समाज की ओर से आज संध्या भगत सिंह स्कूल एवं कृष्ण मंदिर में ठहरे बाढ़ प्रभावित बच्चों के लिए दूध के पैकेट और बिस्किट की व्यवस्था की गई। आपदा की स्थिति में बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई यह पहल उनके लिए राहत और सहारे का माध्यम बनी।

इसके साथ ही तुरेनार क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए दैनिक उपयोग में आने वाली आवश्यक सामग्री की भी व्यवस्था की गई है, ताकि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को जरूरी सामान के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

बाढ़ जैसी आपदा के बीच जब समाज के अलग-अलग वर्ग एकजुट होकर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचा रहे हैं, तब कायस्थ समाज जगदलपुर की यह पहल सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश कर रही है।

कायस्थ समाज, जगदलपुर ने इस कठिन समय में बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़े होकर यह संदेश दिया है कि आपदा की घड़ी में इंसानियत और सेवा सबसे बड़ी ताकत है।
आशीष श्रीवास्तव — Founder & Editor-in-Chief, BMN – BASTAR MATI NEWS.






