जगदलपुर, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार, 26 जुलाई को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन ने जगदलपुर में 13 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जहां कुल 4,223 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

निर्धारित परीक्षा केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-1, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2, स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा, स्वामी विवेकानंद शासकीय एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट हिंदी मीडियम स्कूल रेलवे कॉलोनी, धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल लालबाग, बाल बिहार हायर सेकेंडरी स्कूल तथा निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। केंद्र के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को इंटरनेट से डाउनलोड किया गया मूल प्रवेश पत्र तथा एक मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना होगा। यदि प्रवेश पत्र पर लगी फोटो स्पष्ट या नवीन नहीं है, तो दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य रहेगा।
प्रशासन ने परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया है। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े तथा पैरों में चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन, पर्स, बेल्ट, जूते, मोजे, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्कार्फ, टोपी एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर डॉ. मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. अनिल श्रीवास्तव एवं डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






