सवारी छोड़ सड़क किनारे खड़ा किया ऑटो, चोर ले उड़ा; CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची बोधघाट पुलिस

जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र में ऑटो चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ऑटो क्रमांक CG 17 T 0648, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डेनियल नाग उर्फ दानियाल नाग (30 वर्ष), निवासी शांतिनगर वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई है।

सवारी छोड़कर सामान लेने गया, लौटकर देखा तो ऑटो गायब

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रदीप राय ने बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 की शाम वह सवारी छोड़ने के लिए अब्दुल कलाम वार्ड मेन रोड पहुंचा था। सवारी छोड़ने के बाद उसने अपना ऑटो सड़क किनारे खड़ा किया और कुछ सामान लेने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर ऑटो मौके से गायब मिला।

प्रार्थी ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन ऑटो का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने मामले की शिकायत बोधघाट थाने में दर्ज कराई।

CCTV फुटेज खंगाले, संदिग्ध तक पहुंची पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

इसे भी पढ़िए -   शासकीय आईटीआई बस्तर में विभिन्न ट्रेडों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 24 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

पूछताछ में चोरी कबूली, आरोपी की निशानदेही पर ऑटो बरामदपुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान डेनियल नाग उर्फ दानियाल नाग ने ऑटो चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया ऑटो बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक लखेश्वर बघेल एवं आरक्षक परमानन्द भोयर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आशीष श्रीवास्तव — Founder & Editor-in-Chief, BMN – BASTAR MATI NEWS

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *