जगदलपुर। युवाओं में शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जेसीआई जगदलपुर द्वारा ‘साइकिल रेस 2.0 – राइड एंड लीड’ का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में शहर के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 5वीं से 8वीं तक के 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया।

बच्चों का उत्साह बढ़ाने और उन्हें प्रेरित करने के लिए बस्तर पुलिस के 150 से अधिक जवान एवं अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों के साथ पूरे रूट पर साइकिल चलाकर उनका मनोबल बढ़ाया। आयोजन के माध्यम से बच्चों को मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन से दूर रहकर खेल, साइकिलिंग और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

जेसीआई जगदलपुर ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों और युवाओं को खेल मैदान तथा साइकिलिंग की ओर प्रेरित करना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य था। संस्था के अनुसार, इस पहल से बच्चों में फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वच्छ, हरित एवं सक्रिय बस्तर के निर्माण का संदेश भी दिया गया।
गणमान्य अतिथियों ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम में शहर के प्रशासनिक, पुलिस एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तित्व मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों के रूप में महापौर संजय पांडे, बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, BCCI अध्यक्ष श्याम सोमानी एवं पूर्व विधायक रेखचंद जैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रेस का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए बचपन से ही फिटनेस और अनुशासन की आदत जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बच्चों को शारीरिक फिटनेस के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल फ्रॉड से बचाव तथा साइबर खतरों के प्रति सतर्क रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विजेताओं को नकद पुरस्कार और मेडल से किया सम्मानित
रोमांचक मुकाबले के बाद आयोजित समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान: चिराग ठाकुर — ₹11,000 नकद एवं मेडलद्वितीय स्थान: दक्ष जिजराज — ₹7,001 नकद एवं मेडलतृतीय स्थान: श्रियांश विश्वकर्मा — ₹5,001 नकद एवं मेडलगर्ल्स कैटेगरी चैंपियन: रियांशी — ब्रांड न्यू स्पोर्ट्स साइकिल
इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 होनहार छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार पूर्व विधायक रेखचंद जैन एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव की ओर से प्रदान किए गए। इस पहल से प्रतिभागी बच्चों का उत्साह बढ़ा और उन्हें भविष्य में खेल एवं फिटनेस के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जेसीआई द्वारा सभी बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य विभाग (CMHO) की ओर से रूट पर सचल एंबुलेंस एवं मेडिकल फर्स्ट-एड टीम तैनात रही, जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा गया।
रेस के बाद प्रतिभागियों, पालकों एवं अतिथियों के लिए पौष्टिक अल्पाहार, ग्लूकोज, जूस एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का ऊर्जावान मंच संचालन जेसीआई सदस्य विशाल दुल्हानी ने किया।
जेसीआई टीम ने संभाली आयोजन की कमान
आयोजन जेसीआई जगदलपुर के अध्यक्ष जेसी नितिन खत्री एवं सचिव जेसी यश पी. बोथरा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा, रूट समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तालमेल को धरातल पर उतारने में प्रोग्राम डायरेक्टर जेसी गौरव डोडिया, जेसी अभिषेक राव एवं जेसी अक्षय गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जेसीआई परिवार ने आयोजन की सफलता के लिए जिला प्रशासन, बस्तर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, सहभागी विद्यालयों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों एवं मीडिया जगत के प्रति आभार व्यक्त किया।






