केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मिले सांसद महेश कश्यप, बस्तर के जनजातीय विकास हेतु सौंपा विस्तृत मांग पत्र

जगदलपुर, 06 अगस्त। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर बस्तर के सर्वांगीण जनजातीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सांसद ने बस्तर की आवश्यकताओं एवं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा तथा विभिन्न प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री का ध्यान बस्तर जिले के आड़ावाल स्थित ट्राईफेड प्रोसेसिंग प्लांट की ओर आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह संयंत्र वर्षों से बंद पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय जनजातीय संग्राहकों, महिला स्व-सहायता समूहों, वन धन विकास केंद्रों तथा वनोपज सहकारी समितियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। सांसद ने प्लांट को पुनः प्रारंभ कर आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने तथा वनोपज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की मांग की, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर सृजित हो सकें।

सांसद महेश कश्यप ने बस्तर के जनजातीय विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। इनमें लघु वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन के लिए आधुनिक इकाइयों की स्थापना, जनजातीय युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता मिशन प्रारंभ करना, बस्तर में राष्ट्रीय जनजातीय कौशल एवं उद्यमिता उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना, जनजातीय संस्कृति, कला एवं लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय आदिवासी सांस्कृतिक एवं शोध केंद्र की स्थापना, श्रीअन्न एवं वन आधारित उत्पादों की ब्रांडिंग एवं अंतरराष्ट्रीय विपणन, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता, जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं एवं पोषण कार्यक्रमों का विस्तार तथा प्रत्येक जनजातीय विकासखंड में वन धन विकास केंद्रों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।

इसे भी पढ़िए -   जैनम बोथरा ने संभागस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में हासिल की तृतीय रैंक

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से बस्तर के जनजातीय समाज को रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र एवं सतत विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सांसद महेश कश्यप द्वारा प्रस्तुत मांगों एवं सुझावों पर सकारात्मक विचार व्यक्त करते हुए संबंधित विषयों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *