जगदलपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शालभ कुमार सिन्हा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस जगदलपुर द्वारा शहर के विभिन्न ऑटो संघों के पदाधिकारियों एवं चालकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कुंहारपारा ऑटो संघ, आड़ावाल ऑटो संघ, न्यू बस स्टैंड ऑटो संघ, आमागुड़ा चौक ऑटो संघ और रेलवे ऑटो संघ सहित शहर के अन्य ऑटो संघों के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान यातायात उप पुलिस अधीक्षक जयराम चेरमाको, एसआई सुदर्शन दुबे, प्रधान आरक्षक प्रकाश देवांगन सहित यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।
त्योहारों में बढ़ने वाली भीड़ को लेकर दिए दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आगामी त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को लेकर ऑटो चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साथ ही चालकों से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को निर्धारित यूनिफॉर्म में रहने, वाहनों को तय स्टैंड पर ही पार्क करने और सवारियों को सड़क के बीच में नहीं उतारने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऑटो में ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के अंत में यातायात पुलिस अधिकारियों ने सभी ऑटो संघों के चालकों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने, जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई।पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आने वाले दिनों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है।






