बस्तर की वादियां देखने निकली थी बाइक राइडर रिद्धि, तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली जान

धमतरी। बस्तर की खूबसूरत वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य को देखने मुंबई से बाइक राइडर्स का एक दल छत्तीसगढ़ पहुंचा था। इसी दौरान धमतरी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय महिला बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मुंबई से करीब 23 बाइक राइडर्स का दल बस्तर की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच धमतरी जिले के मरकाटोला घाट के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि रिद्धि को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद रिद्धि को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

बताया जा रहा है कि बाइक राइडर्स का यह दल मुंबई से छत्तीसगढ़ होते हुए बस्तर की यात्रा पर निकला था। बस्तर की वादियों को देखने और यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने निकली रिद्धि की सड़क हादसे में हुई मौत ने पूरे दल को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस हादसे के कारणों और फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इसे भी पढ़िए -   भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का स्वास्थ्य पहले से बेहतर, जल्द लौटेंगे छत्तीसगढ़

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *